बोदवल बाजार में रामलीला का मंचन:केवट संवाद से भरत मिलाप तक की लीलाएं प्रस्तुत

0
3

बोदवल बाजार स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर प्रांगण में चल रहे श्रीराम महायज्ञ के सातवें दिन आदर्श रामलीला कमेटी बोदवल बाजार द्वारा रामलीला का मंचन किया गया। इस दौरान केवट राम संवाद से लेकर भरत मिलाप तक की लीलाएं प्रस्तुत की गईं। यह महायज्ञ पिछले 20 वर्षों से अनावरत आयोजित किया जा रहा है। आदर्श रामलीला कमेटी पिछले 50 वर्षों से इस रामलीला का मंचन कर रही है। इसकी खास बात यह है कि एक ही परिवार की चौथी पीढ़ी अपने पुरखों की इस परंपरा को जीवित रखे हुए है। रामलीला में अभिनय करने वाले अधिकांश पात्र कसौधन परिवार से हैं। केवल महिला पात्रों की भूमिका अदा करने वाले कलाकार और वाद्य यंत्रों के कलाकार बाहर से बुलाए जाते हैं। शिवमूरत कसौधन ने बताया कि उनके नाती भी अब रामलीला में अपनी-अपनी भूमिका निभा रहे हैं, जिससे उनकी चौथी पीढ़ी इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है। रामलीला देखने आए जयप्रकाश, रामकिशोर, राम सजीवन, विनय और रामजीत वर्मा जैसे दूर-दराज के दर्शकों ने प्रस्तुति की सराहना की। भरत मिलाप का दृश्य देखकर उपस्थित दर्शक भावुक हो गए। केवट की भूमिका में गिरजेश कसौधन ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इस अवसर पर अरुण पांडेय, अजय पांडेय, रामसूरत कसौधन, अशोक कसौधन, शिवमूरत कसौधन, शिवपूजन अग्रहरि, राजेश गौड़, अनुज सोनी, सत्यनारायण जायसवाल, आशुतोष जायसवाल, गिरजेश कसौधन, रामकिशुन, राजेश, सचिन, संजय, संदीप, दीपक, गुड़िया देवी, साधना कसौधन, अन्नू कसौधन, विनीता कसौधन, गीता, रीता, उषा और गुलाब कली सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।
Advertisement