
बस्ती के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) विक्रमजोत में एक वरिष्ठ सहायक पर महिला स्वास्थ्यकर्मी से रिश्वत लेने का आरोप लगा है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजीव निगम ने आरोपी कर्मचारी के निलंबन की सिफारिश करते हुए शासन को पत्र भेजा है। पीड़िता सुनीता वर्मा ने बताया कि उनका एरियर काफी समय से बकाया था, जिसके भुगतान के लिए कोर्ट ने आदेश जारी किया था। आरोप है कि विक्रमजोत सीएचसी में तैनात वरिष्ठ सहायक प्रदीप श्रीवास्तव ने इस भुगतान को जारी करने के बदले कुल राशि का 10 प्रतिशत हिस्सा मांगा। सुनीता वर्मा के अनुसार, उन्होंने भुगतान करवाने के दबाव में आकर अब तक दो किस्तों में कुल 45,000 रुपये दिए हैं। पहली किस्त में 25,000 रुपये और दूसरी किस्त में 20,000 रुपये का भुगतान किया गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी प्रदीप श्रीवास्तव अब भी दबाव बना रहा है कि जब तक 10 प्रतिशत का पूरा हिस्सा (जो कि 1 लाख रुपये से अधिक है) नहीं मिल जाता, तब तक एरियर जारी नहीं किया जाएगा। पीड़िता सुनीता वर्मा ने कहा, “मुझसे हर काम के लिए पैसा मांगा जा रहा है। कोर्ट का आदेश होने के बावजूद बिना कमीशन के मेरा जायज हक मुझे नहीं दिया जा रहा।”



































