बिना दस्तावेजों के कबाड़ ले जा रहा ट्रक सीज:वाल्टरगंज में राज्य कर विभाग की कार्रवाई से व्यापारियों में बेचैनी

0
4

राज्य कर विभाग की टीम ने शनिवार शाम बस्ती में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ ले जा रहे एक ट्रक को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई राज्य कर सहायक आयुक्त सिद्धार्थनगर कुलदीप कटियार के नेतृत्व में की गई। इस औचक कार्रवाई के बाद क्षेत्र के स्क्रैप कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों में हलचल देखी गई। विभागीय सूत्रों के अनुसार, सहायक आयुक्त को गुप्त सूचना मिली थी कि वाल्टरगंज थाना क्षेत्र से एक ट्रक में भारी मात्रा में कबाड़ बिना वैध बिल और वाउचर के ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर सचल दल ने घेराबंदी कर ट्रक को रोका। तलाशी में ट्रक कबाड़ से भरा पाया गया, लेकिन चालक माल से संबंधित कोई भी पुख्ता दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच के दौरान, बिलों में दर्ज राशि और ट्रक में लदे माल के वास्तविक बाजार मूल्य में बड़ा अंतर पाया गया। कर चोरी की आशंका के चलते अधिकारियों ने ट्रक को तत्काल जब्त कर लिया। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि इस मामले की गहन जांच से कर चोरी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है। फिलहाल, जब्त किए गए ट्रक को वाल्टरगंज थाने को सौंप दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Advertisement