विधायक दूधराम ने गौरिया में सड़क का उद्घाटन किया:बस्ती जिले में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, विधायक ने दिया आश्वासन

0
4

बस्ती जिले के बहादुरपुर क्षेत्र अंतर्गत गौरिया पठानपुर में एक नई इंटरलॉकिंग सड़क का उद्घाटन किया गया। महादेवा विधायक दूधराम ने पिच रोड से आशाराम के मड़ई से नहर तक करीब 100 मीटर लंबी इस सड़क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से विधायक दूधराम का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का आश्वासन दिया और ग्रामीणों से अपनी समस्याएं खुलकर बताने की अपील की। उद्घाटन के दौरान कुछ महिलाओं ने विधायक के सामने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी ग्राम पंचायत खलीलपट्टी में कोटेदार रामपाल द्वारा समय पर राशन नहीं दिया जाता है। महिलाओं ने बताया कि कई बार दो-दो महीने तक राशन न मिलने से गरीब परिवारों को काफी परेशानी होती है। इसी क्रम में एक महिला ने विधायक से मदद की गुहार लगाते हुए बताया कि उसके दो बच्चे मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। महिला के अनुसार, 20 से 25 वर्ष की आयु के इन बच्चों को अब तक किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला है और परिवार के पास पक्का आवास भी नहीं है। विधायक दूधराम ने इन समस्याओं पर संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि यदि ये मामले पहले उनके संज्ञान में लाए गए होते तो समाधान पहले ही कराया जा सकता था। विधायक ने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर शेर अफगन खान, प्रदीप, शिवदास, रामजनक, जयप्रकाश, प्रदीप चौधरी, पवन कन्नौजिया, प्रधान अजय चौधरी और युवा अब्दुर रहीम सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे, जिन्होंने विधायक का स्वागत किया।
विज्ञापन 2