कलवारी में मामूली बात में दबंगों का तांडव:घर में घुसकर पीटा, तीन गंभीर घायल; पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

0
0

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र स्थित बगही उर्फ बेनीपुर गांव में मामूली विवाद को लेकर एक परिवार पर हमला किया गया। इस घटना में परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना 15 मार्च की सुबह करीब 9:30 बजे हुई। बगही निवासी रामबहोर के पुत्र अविनाश गांव में पटरा लेने जा रहे थे। रास्ते में गांव के ही अजय (पुत्र रामकेश) से उनका सामना हुआ, जो एक लोडर गाड़ी चला रहा था। अविनाश के देखने पर अजय ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके साथ मारपीट की। जब अविनाश के पिता रामबहोर और माता निर्मला बीच-बचाव करने पहुंचे, तो अजय ने अपने साथियों विजय, संजय (पुत्रगण रामकेश), जितेन्द्र (पुत्र रामचन्द्र) और कुछ अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में रामबहोर का सिर फट गया और उनके शरीर पर कई जगह चोटें आईं। उनकी पत्नी निर्मला के सिर और हाथ में भी गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। थाना अध्यक्ष कलवारी संतोष सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर कलवारी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन 2