वीरपुर में किसान गोष्ठी:गन्ना विकास पर अधिकारियों ने दिए उन्नत खेती के सुझाव

0
2

बस्ती जनपद के बभनान चीनी मिल क्षेत्र के वीरपुर गांव में सोमवार को गन्ना विकास को लेकर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें जिला गन्ना अधिकारी बस्ती, चीनी मिल बभनान के महाप्रबंधक (गन्ना) सहित अन्य अधिकारियों और क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला गन्ना अधिकारी बस्ती डॉ. आनंद सिंह ने किसानों को उन्नत प्रजाति के गन्ने की बुवाई करने की सलाह दी। उन्होंने अस्वीकृत प्रजातियों की बुवाई न करने और लाइन से लाइन की दूरी बढ़ाकर गन्ने की बेहतर पैदावार लेने का सुझाव दिया। वहीं, चीनी मिल बभनान के महाप्रबंधक (गन्ना) दिनेश राय ने किसानों से अपने खाली खेतों में समय पर गन्ना बुवाई करने का आह्वान किया। उन्होंने चीनी मिल द्वारा किसानों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मिल द्वारा दिए जा रहे निःशुल्क ट्राइकोडर्मा के उपयोग से किसान अधिक पैदावार प्राप्त कर सकते हैं। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक उपेंद्र सिंह ने किसानों को शासन की राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत मिलने वाली सुविधाओं से अवगत कराया। उन्होंने गन्ने की पेड़ी से अधिक उत्पादन लेने के लिए बेहतर प्रबंधन के सुझाव भी दिए। इस दौरान चीनी मिल के सहायक महाप्रबंधक (गन्ना) मनोज पाण्डेय ने किसानों को दो आंख के टुकड़े से बुवाई करने और गन्ने में सूक्ष्म पोषक तत्वों के उपयोग के बारे में जानकारी दी। किसानों ने त्वरित गन्ना भुगतान को लेकर चीनी मिल की सराहना भी की। इस अवसर पर गन्ना विकास परिषद बभनान की ओर से दिनेश वर्मा तथा चीनी मिल की ओर से दिलीप वर्मा, संतोष सिंह, देवेंद्र सिंह व सर्वेश्वर सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
विज्ञापन 2