
जनपद बस्ती का स्थापना दिवस इस वर्ष विशेष रूप से मनाया जाएगा। नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ, बस्ती द्वारा 6 मई 2026 को “बस्ती स्थापना दिवस समारोह एवं बेस्ट ऑफ बस्ती अवार्ड 2026” का आयोजन प्रस्तावित किया गया है। यह आयोजन बस्ती के स्थापना दिवस के अवसर पर होगा। संस्था के अध्यक्ष भावेष पाण्डेय ने बताया कि वर्ष 2025 में आयोजित “बेस्ट ऑफ बस्ती अवार्ड” कार्यक्रम को समाज के सभी वर्गों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। इसमें बस्ती से जुड़े उन प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया गया था, जिन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, समाज सेवा, साहित्य, खेल, प्रशासन और उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर जनपद का नाम देश-विदेश में रोशन किया। पिछले वर्ष की सफलता को देखते हुए, इस वर्ष आयोजन को और व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। इसे बस्ती के स्थापना दिवस (6 मई) से जोड़ा गया है, ताकि बस्ती की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान को एक उत्सव के रूप में प्रस्तुत किया जा सके। प्रस्तावित कार्यक्रम में बस्ती जनपद की गौरवगाथा पर आधारित विशेष प्रस्तुतियाँ होंगी। स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे, और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को “बेस्ट ऑफ बस्ती अवार्ड 2026” से सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बस्ती की प्रतिभाओं को सम्मानित करना, युवाओं को प्रेरित करना और जनपद की सकारात्मक पहचान को समाज के सामने लाना है। इसमें जनपद के गणमान्य नागरिक, प्रतिष्ठित हस्तियाँ, सामाजिक संगठन, युवा और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भाग लेंगे। नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ जल्द ही इस कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी और नामांकन प्रक्रिया की घोषणा करेगा।



































