
बहादुरपुर ब्लॉक की अगौना ग्राम पंचायत में स्थित हठी माता मंदिर में नौ दिवसीय श्री राम कथा का शुभारंभ हुआ। सोमवार को कथा के पहले दिन अयोध्या धाम से पधारी कथा व्यास साध्वी स्तुति जी ने राम कथा की महिमा का वर्णन किया। व्यास पीठ से प्रवचन देते हुए साध्वी स्तुति जी ने कहा कि राम कथा देवताओं के कल्पवृक्ष के समान है। इसकी छाया में आने वाले सभी प्राणियों के दुख और कष्ट दूर हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि राम कथा के श्रवण मात्र से व्यक्ति के पाप धुल जाते हैं और विचारों में सकारात्मक परिवर्तन आता है, जिससे यह धरती ही स्वर्ग के समान प्रतीत होने लगती है। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य यजमान मग्गू प्रजापति ने उपस्थित श्रद्धालुओं से श्री राम कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कार्यक्रम अध्यक्ष प्रिंस यादव, अगौना ग्राम प्रधान विजय यादव, डॉ. प्रेम त्रिपाठी, मनीष त्रिपाठी, दीनानाथ त्रिपाठी, रमेश पांडेय, संजय चौरसिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु मौजूद रहे।


































