
युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित गोरखपुर ज़ोनल कबड्डी प्रतियोगिता के जूनियर बालक वर्ग में कुदरहा ब्लॉक के खिलाड़ियों ने ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। उन्होंने गोरखपुर ज़ोन का फाइनल मैच जीतकर यह उपलब्धि हासिल की। कुदरहा ब्लॉक के इजरगढ़ में संचालित ब्लैक पैंथर्स कबड्डी टीम ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। फाइनल मुकाबला गोरखपुर और बस्ती के बीच खेला गया, जिसमें जनपद की टीम ने गोरखपुर को हराकर चैंपियनशिप जीती। टीम के कोच विकास सिंह ने बताया कि उनकी टीम युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में हर साल भाग लेती है। ब्लॉक के बीडीओ आलोक कुमार पंकज, बीओ पीआरडी राधा गुप्ता और सीएम फेलो आनंद सोनी का सहयोग टीम को मिलता है। वे समय-समय पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी करते रहते हैं। खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज ने जानकारी दी कि कुदरहा की टीम ने लगातार तीसरी बार चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती है। इस जीत से जनपद के साथ-साथ ब्लॉक का नाम भी रोशन हुआ है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र के युवाओं की मेहनत से अब तक लगभग आधा दर्जन लोग सेना और पुलिस में नौकरी प्राप्त कर चुके हैं।































