
नगर थाना परिसर में आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एक पीस मीटिंग आयोजित की गई। थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, पुलिस अधिकारी और समाजसेवी शामिल हुए। बैठक में सीओ कलवारी संजय सिंह ने उपस्थित लोगों से अपील की कि ईद जैसे त्योहार को मिलजुलकर मनाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि यदि कोई समस्या उत्पन्न होती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। पुलिस प्रशासन ने त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर उप निरीक्षक मुस्तफा, अशोक कुमार पांडे, देवी शंकर त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल शुभम सिंह और सत्येंद्र यादव सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नगर थाना क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों में नियाज़ अहमद, इरफान अहमद और खालिक अहमद सहित अन्य लोगों ने भी बैठक में भाग लिया और प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि ईद के मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं और किसी भी अफवाह से दूर रहें। बैठक का समापन आपसी सहयोग और शांति बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।



































