बस्ती के नगर थाना क्षेत्र में खड़ी ट्रक चोरी:कोर्ट के आदेश पर अज्ञात चोरों के खिलाफ FIR दर्ज

0
1

बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र में खड़ी एक ट्रक चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने के बाद मामला न्यायालय पहुंचा, जिसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) बस्ती ने नगर थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है। अम्बेडकरनगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र निवासी रिंटू कुमार (35) ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह वाहन संख्या यूपी-42 बीटी-2825 का पंजीकृत स्वामी है। घटना 1 जून 2025 की सुबह करीब 4 बजे की है। उनका चालक बिहार पेपर मिल से फैजाबाद की ओर ट्रक लेकर जा रहा था। रास्ते में फुटहिया चौकी के पास बसेवा ओवरब्रिज के आगे चालक ने वाहन खड़ा किया और शौच के लिए गया। वहां उसे अचानक चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। करीब दो घंटे बाद जब चालक को होश आया और वह सड़क पर पहुंचा, तो ट्रक वहां से गायब था। चालक के पास मोबाइल न होने के कारण उसने पहले फुटहिया चौकी और बाद में नगर थाने पर सूचना दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित रिंटू कुमार ने बताया कि उन्होंने यह वाहन फाइनेंस पर लिया था। उन्होंने बैंक और फाइनेंस कंपनी से भी संपर्क किया, लेकिन उन्होंने वाहन कब्जे में लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने डाक के माध्यम से पुलिस अधीक्षक बस्ती को भी सूचना दी, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले की सुनवाई के बाद सीजेएम न्यायालय ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया है। थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस अब मामले की जांच में जुट रही है।
विज्ञापन 2