
विक्रमजोत बाजार स्थित सरोज गैस एजेंसी पर मंगलवार को सप्लाई इंस्पेक्टर मधु सिंह पहुंचीं। उन्होंने एजेंसी संचालक और उपभोक्ताओं से पूछताछ की। पूर्ति निरीक्षक उपभोक्ताओं की समस्याओं के संबंध में एजेंसी पहुंची थीं।एजेंसी पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एजेंसी के बाहर और सड़क पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जमा थी। उन्होंने कार्यालय में मौजूद एजेंसी संचालक अखिलेश सिंह से गैस स्टॉक और वितरण की जानकारी ली। मधु सिंह ने उपभोक्ताओं की केवाईसी और बुकिंग में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए अतिरिक्त समय तक काम करने के निर्देश दिए।इस दौरान, एजेंसी संचालक ने खबर में छपे उपभोक्ता गौरीशंकर सोनी, चंद्रभूषण तिवारी और राजकुमार प्रजापति को बुलाकर सिलेंडर की पर्ची दी। पूर्ति निरीक्षक मधु सिंह ने बताया कि एक खबर का संज्ञान लेते हुए एजेंसी पर पहुंचकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का जायजा लिया गया है। उन्होंने कहा कि सिलेंडर की आपूर्ति मांग के सापेक्ष बेहतर है।मधु सिंह ने आगे बताया कि केवाईसी और बुकिंग नियमों की जानकारी के अभाव के कारण उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ शीघ्र अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।





























