बस्ती में सब्जी लदी पिकअप पलटी, बड़ा हादसा टला:राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर अनियंत्रित होकर पलटी, कोई हताहत नहीं

0
8

राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलियाडीह के पास बुधवार, 18 मार्च 2026 को लखनऊ से खलीलाबाद जा रही सब्जी (मटर) लदी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कोई जनहानि या गंभीर चोट की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप चलते समय अचानक डगमगाने लगी और चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क किनारे पलट गई। आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा तेज रफ्तार या संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया। सूचना मिलते ही महाराजगंज चौकी पुलिस और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से पलटी हुई पिकअप को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया। थाना अध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सड़क से हटा दिया गया है और यातायात पूरी तरह से सुचारु कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार से वाहन चलाना आम हो गया है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पुलिस की सक्रियता से समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया।
विज्ञापन 2