
बस्ती में बुधवार शाम श्री रामजानकी मार्ग पर एक गन्ना लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। यह हादसा खुशहालगंज रामलीला मैदान के निकट चौधरी ढाबे के सामने हुआ। गनीमत रही कि ट्रक चालक बाल-बाल बच गया। दुबौलिया थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक चालक की पहचान पैकोलिया थाना क्षेत्र के बेलसड़ गांव निवासी वीरेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। उन्होंने किसी तरह ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। ट्रक बभनान चीनी मिल क्षेत्र के गन्ना क्रय केंद्र विशुनदासपुर से गन्ना लादकर चीनी मिल जा रहा था। अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय कोई अन्य वाहन या व्यक्ति ट्रक की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण सहमे हुए हैं। सूचना मिलने पर दुबौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन कर रही है। चालक ने घटना की सूचना चीनी मिल को दे दी है। ट्रक पलटने से क्षतिग्रस्त हो गया है।




























