मनोरमा नदी सफाई अभियान शुरू, जलधारा फिर से दिखी:हर्रैया में दूसरे चरण में मिला प्रशासनिक सहयोग, पर संसाधनों की कमी

0
1

बस्ती जनपद में पवित्र मनोरमा नदी की स्वच्छता के लिए जनअभियान का दूसरा चरण आज शुरू हुआ। यह अभियान महाभारत कालीन पंडूलघाट स्थित पाण्डव युगीन झुंगीनाथ शिव मंदिर के समीप से प्रारंभ हुआ। इस पहल का नेतृत्व वरिष्ठ समाजसेवी और भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ कर रहे हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के प्राकट्य से जुड़ी पुण्यभूमि मखौड़ा धाम में सफल सफाई अभियान के बाद अब झुंगीनाथ क्षेत्र में कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। स्थानीय जनसहयोग से नदी को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया गया है। अभियान के पहले ही दिन जलकुंभी और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाने के बाद नदी की वास्तविक धारा दिखाई देने लगी। इससे क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल बना। इस अवसर पर भाजपा नेता जगतबली सिंह, अतुल शुक्ल, अजय शुक्ल सहित दर्जनों स्थानीय नागरिक और दुबौलिया विकास खंड के सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। हालांकि, नदी की अचानक गहराई और दलदली तलहटी के कारण सफाई कार्य में काफी कठिनाइयाँ आईं। अभियान के दौरान चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ ने कहा कि नदियाँ प्रकृति का वरदान हैं और उनकी सफाई करना परमात्मा की सेवा के समान है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा सफाई कर्मचारियों की उपलब्धता के लिए आभार व्यक्त किया। हालांकि, उन्होंने इसे अपर्याप्त बताते हुए आवश्यक संसाधनों की कमी पर चिंता जताई। श्री पाण्डेय ने यह भी कहा कि रामनवमी तक विभिन्न घाटों की सफाई सुनिश्चित करने के आश्वासनों पर अब तक कोई ठोस प्रशासनिक पहल नहीं दिख रही है, जो खेदजनक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका यह अभियान केवल सांकेतिक नहीं है, बल्कि सम्पूर्ण मनोरमा नदी को स्वच्छ, अविरल और अतिक्रमण मुक्त बनाने का संकल्प है। यह जनसहयोग से निरंतर जारी रहेगा और एक स्वस्थ समाज की स्थापना तक चलेगा।
विज्ञापन 2