
हर्रैया ब्लॉक स्थित कंपोजिट विद्यालय बड़ेरिया कुंवर की चार छात्राओं ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय और जिले का मान बढ़ाया है। इन मेधावी छात्राओं ने ग्रामीण अंचल में संसाधनों की कमी के बावजूद अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यह एक ही कक्षा (कक्षा 5) की छात्राओं की शानदार सफलता है। इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन मिलने पर परिषदीय विद्यालयों के छात्र भी किसी भी स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। चयनित छात्राओं में प्रीती मौर्य (पुत्री सूरत राम व पूनम देवी, रैंक 27), अंजली प्रजापति (पुत्री शिवकुमार व संगीता देवी, रैंक 43), नव्या शर्मा (पुत्री राजित राम शर्मा व शीला देवी, रैंक 50) और खुशी वर्मा (पुत्री राम इन्दर व कुशलावती, रैंक 78) शामिल हैं। इन छात्राओं की सफलता के पीछे उनके शिक्षकों का अथक परिश्रम रहा है। शिक्षिका आकांक्षा सिंह ने व्यक्तिगत रूप से बच्चों को गोद लेकर उनकी तैयारी में विशेष योगदान दिया। इसके अतिरिक्त, अशोक कुमार वर्मा के मार्गदर्शन ने छात्राओं का मनोबल बनाए रखा। इंचार्ज प्रधानाध्यापक कालिन्दी पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास और बच्चों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के समस्त स्टाफ— किरन शुक्ला, रामपाल, चन्द्रिका प्रसाद, अशोक कुमार वर्मा, आकांक्षा सिंह, महावीर और रवि ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने कहा कि इन बेटियों ने ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ अभियान के जमीनी प्रभाव को दर्शाया है। विद्यालय प्रशासन ने कहा, “इन छात्राओं की सफलता इस बात का प्रमाण है कि सरकारी स्कूलों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। हमारी बेटियों ने जिले की मेरिट लिस्ट में जगह बनाकर पूरे प्रदेश के लिए एक उदाहरण पेश किया है।”






























