
विकास खंड गौर के ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के.के. सिंह को एक ज्ञापन सौंपा। रोजगार सेवकों ने ज्ञापन में बताया कि वे पिछले कई वर्षों से मनरेगा योजना के तहत पंचायत स्तर पर पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें अब तक नियमित मानदेय का भुगतान नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि शासन द्वारा सौंपे गए एमबीएल, फॉर्म रजिस्ट्रेशन, आईडी, आवास सहित अन्य योजनाओं के कार्यों का निर्वहन ईमानदारी से किया जा रहा है। इसके बावजूद मानदेय का भुगतान समय पर न होने से बढ़ती महंगाई में परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की शिक्षा में कठिनाइयां आ रही हैं। ज्ञापन के माध्यम से रोजगार सेवकों ने प्रमुख रूप से तत्काल मानदेय भुगतान, बढ़ती महंगाई को देखते हुए मानदेय में वृद्धि, ईपीएफ की धनराशि का यूएएन खातों में जमा करने और 4 अक्टूबर 2021 की घोषणाओं को लागू करने की मांग की। इस दौरान अमित किशोर श्रीवास्तव, आज्ञाराम यादव, शहंशाह आलम, रामनाथ पाण्डेय, विजय कुमार, किरण शुक्ला, राम रक्षा वर्मा सहित अन्य रोजगार सेवक मौजूद रहे।






























