नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में उमड़े लोग:श्रद्धालुओं ने मां भगवती का पूजन कर मांगा आशीर्वाद, गूंजे जयकारे

0
1

बस्ती में चैत्र नवरात्रि का पहला दिन श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। जनपद के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और सुख-समृद्धि व शांति की कामना की। शहर के कटरा स्थित काली मंदिर, रोता चौराहा दुर्गा मंदिर और शनैश्वर मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर मां भगवती के जयकारों के साथ पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में घंटा-घड़ियाल और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने व्रत रखकर मां दुर्गा की आराधना की तथा परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर शनैश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित सरोज मिश्रा ने नवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व शक्ति, साधना और आत्मशुद्धि का प्रतीक है। पंडित मिश्रा ने वर्तमान परिस्थितियों का जिक्र करते हुए अखंड भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए एकजुटता का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से एकता और अखंडता बनाए रखने तथा देश विरोधी ताकतों को जवाब देने की अपील की।
विज्ञापन 2