
बस्ती। गोरखपुर-फैज़ाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने गुरुवार को जनपद के चारों मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बोर्ड परीक्षा 2026 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य का जायजा लिया और मूल्यांकन में लगे शिक्षकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक ने शिक्षकों को समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया। विधायक त्रिपाठी सुबह लगभग 10 बजे पटेल चौक से होते हुए सबसे पहले श्री कृष्ण पाण्डेय इंटर कॉलेज पहुंचे। यहां उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शिवपाल सिंह और जिला मंत्री गिरीश चंद्र चौबे सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। विधायक ने मूल्यांकन कक्षों का निरीक्षण किया, शिक्षकों से बातचीत की और उप नियंत्रक योगेश कुमार शुक्ल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत, विधायक राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां उप नियंत्रक अपर्णा भारद्वाज ने उनका स्वागत किया। उन्होंने यहां भी मूल्यांकन कार्य का जायजा लिया। इसके बाद वे सक्सेरिया इंटर कॉलेज गए, जहां उप नियंत्रक हरिराम बंसल ने उनका अभिनंदन किया। विधायक ने इस केंद्र पर भी प्रत्येक कक्ष में जाकर शिक्षकों से संवाद किया। अंत में, ध्रुव कुमार त्रिपाठी शिवहर्ष किसान इंटर कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने मूल्यांकन कार्य का निरीक्षण किया और शिक्षकों से सीधे बातचीत की। विधायक ने कहा कि शासन स्तर पर शिक्षकों को आ रही समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उनका शीघ्र समाधान कराया जाएगा।


































