रुधौली में गौशाला में लगी आग:दो गोवंश की मौत, चारा मशीन सहित लाखों का सामान खाक

0
1

रुधौली थाना क्षेत्र के मूडाडीहा उर्फ भोपालपुर गांव में बुधवार रात अज्ञात कारणों से एक गौशाला में आग लग गई। इस घटना में दो गोवंश की जलकर मौत हो गई, जबकि चारा मशीन, भूसा, अनाज और अन्य उपयोगी सामान जलकर खाक हो गया। गांव निवासी सर्वजीत की घास-फूस से बनी घारी में अचानक आग लगी। परिजनों को आग लगने की भनक तब लगी जब छप्पर से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरे छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया और फैल गई। जब तक ग्रामीण इकट्ठा होते, तब तक पूरा छप्पर जलकर राख हो चुका था। परिजन छप्पर में बंधी दो गायों को बाहर नहीं निकाल पाए, जिससे उनकी मौत हो गई। आग की चपेट में आने से चारा मशीन, भूसा, अनाज, चारपाई और अन्य घरेलू सामान भी नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य घरों को जलने से बचा लिया गया। सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल विजेंद्र मौके पर पहुंचे और आग से हुई क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी है।
विज्ञापन 2