बस्ती में तेज रफ्तार बुलेट ने महिला को रौंदा, मौत:दूसरी बाल-बाल बची, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

0
0

बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में 63 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बस्ती-बांसी मार्ग पर पैंड़ा चौराहे के पास तेज रफ्तार बुलेट की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इस हादसे में उनके साथ चल रही एक अन्य महिला बाल-बाल बच गईं। जानकारी के अनुसार, पैंड़ा खरहरा गांव निवासी फूलमती (63) पत्नी मुखराज और मालती (60) पत्नी बलिराम सड़क की बाईं पटरी पर पैदल अपने घर जा रही थीं। शहीद शिव गुलाम सिंह स्थल के पास रुधौली की ओर से आ रही एक अनियंत्रित बुलेट ने फूलमती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फूलमती बाइक में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल फूलमती को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका फूलमती गांव में जच्चा-बच्चा की मालिश और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके परिवार में छह बेटे और चार बेटियां हैं। उनकी असामयिक मृत्यु से गांव में शोक का माहौल है। वाल्टरगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन 2