बस्ती में गाड़ी खड़ी करने पर विवाद, 7 पर केस:कप्तानगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया मुकदमा

0
1

बस्ती जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस अधीक्षक बस्ती यशवीर सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। तेलियाडीह गांव निवासी वादी गिरजा शंकर ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि रास्ते में गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई। यह कहासुनी देखते ही देखते विवाद में बदल गई, जिसके बाद आरोपियों ने उनके घर पर चढ़कर मारपीट की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मनीष कुमार, प्रदीप कुमार, संदीप कुमार (तीनों पुत्र स्वर्गीय देवी प्रसाद), सरिता देवी (पत्नी मनीष कुमार), रंजीता देवी (पत्नी प्रदीप कुमार), पूजा देवी (पत्नी संदीप कुमार) और प्रदीप कुमार की अज्ञात नाम वाली मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी तेलियाडीह गांव, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कलवारी संजय सिंह के पर्यवेक्षण में थाना कप्तानगंज पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 191(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन 2