
बस्ती में एक सड़क हादसे में 48 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के बस्ती-अंबेडकर नगर मार्ग पर स्थित झिरझिरवा पुल के पास हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घायल को जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर निवासी श्यामू (48) अपने ससुराल कलवारी थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया गए थे। वह ससुराल से अपने घर वापस लौट रहे थे। जब वह नगर थाना क्षेत्र के बस्ती-अंबेडकरनगर मार्ग पर स्थित झिरझिरवा पुल के पास पहुँचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों की सूचना पर एनएचआई के एंबुलेंस कर्मी मौके पर पहुँचे और घायल श्यामू को तत्काल जिला अस्पताल बस्ती ले गए। डॉक्टरों के अनुसार, श्यामू के सिर में गंभीर चोट लगी है और उनके बाएं हाथ में फ्रैक्चर भी है, जिसके कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में नगर थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।




























