सुपरवाइजर की पिटाई से मजदूर की मौत का मामला:बलरामपुर में काम के दौरान हुई घटना, पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार

5
Advertisement

श्रावस्ती जनपद के इकौना थाना क्षेत्र स्थित भगवानपुर बनकट पोखरा निवासी एक मजदूर रामकुमार की शुक्रवार को घर पर मौत हो गई। आरोप है कि बलरामपुर जनपद में मजदूरी के दौरान एक सुपरवाइजर ने उसकी कथित तौर पर पिटाई की थी। सूचना मिलने पर इकौना पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिन्गा भेजा था। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा, जिसके बाद देर शाम उसका अंतिम संस्कार किया गया। मिली जानकारी के अनुसार, रामकुमार पुत्र छेदी बलरामपुर जनपद के थाना श्रीदत्तगंज क्षेत्र के ग्राम भेदपुर अहिरौला में एक निर्माणाधीन पानी की टंकी पर मजदूरी कर रहे थे। उनके साथ गांव के कल्लू और बलराम भी काम कर रहे थे। आरोप है कि 23 फरवरी को सुपरवाइजर इरशाद ने किसी बात को लेकर रामकुमार को एक कमरे में बंद कर बुरी तरह पीटा और बिजली के झटके भी दिए, जिससे वह बेहोश हो गए। बताया जाता है कि सुपरवाइजर के कहने पर साथी मजदूर कल्लू और बलराम उसी दिन घायल अवस्था में रामकुमार को गांव छोड़ गए। परिजनों के अनुसार, रामकुमार के पुत्र संजय सिंह उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना ले गए। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान हालत में सुधार न होने पर गुरुवार को चिकित्सकों ने उन्हें घर ले जाने की सलाह दी थी। इसके बाद शुक्रवार को घर पर ही उनकी मौत हो गई।
Advertisement