
श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र में सोनबरसा गांव के पास रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर राधेश्याम भिनगा से सिरसिया की ओर जा रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक पर डाक विभाग में कार्यरत साहिल (निवासी हरियाणा) और अभय तिवारी (निवासी दुर्गापुर थाना सिरसिया) डाक लेकर भिनगा की दिशा में जा रहे थे। सोनबरसा गांव के पास दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हुई, जिससे तीनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया। तीनों घायलों का इलाज फिलहाल जिला अस्पताल में जारी है।




































