Advertisement

श्रावस्ती जिले के हरदत्तनगर गिरन्ट थाना क्षेत्र में एक घर से चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर 53 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवर चुरा लिए। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना 7 मार्च 2026 की रात करीब 2:30 बजे हुई। बताया गया है कि घर की महिला शौच के लिए दरवाजा खोलकर बाहर गई थी। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति घर में दाखिल हुए। उन्होंने सिंगारदान में रखे लगभग 53 हजार रुपये नकद और पैरों की उंगलियों की दो चांदी की बिछिया चुरा लीं। चोरी के दौरान हुई खटपट की आवाज सुनकर महिला घर के अंदर पहुंची। चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। ग्रामीणों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर हरदत्तनगर गिरन्ट पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी महिमा नाथ उपाध्याय ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।






























