श्रावस्ती के राप्ती नदी में मिला व्यक्ति का शव:दवा कराने निकला था घर से, टीवी की बिमारी से परेशान था मृतक

3
Advertisement

श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब राप्ती नदी में एक व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। अंधर पुरवा के पास नदी में शव दिखने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही इकौना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिनगा भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। पुलिस की जांच में मृतक की पहचान बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र के पडरी गांव निवासी ऊदल पुत्र छोटे (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ऊदल शनिवार सुबह करीब 11 बजे दवा कराने के लिए घर से इकौना जाने की बात कहकर निकले थे लेकिन फिर वह घर नहीं लौटे। परिजनों के अनुसार, देर रात तक ऊदल के घर न लौटने पर उन्हें चिंता हुई। जिसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। इधर रविवार को अंधर पुरवा के पास राप्ती नदी में एक शव उतराता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पहचान कराने का प्रयास किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत इकट्ठा किए और जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष इकौना परमानंद तिवारी ने बताया कि पहचान की पुष्टि होने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया गया है पोस्टमार्टम रिपोर्टआने के बाद आगे की कारवाही की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर घर से दवा करवाने के लिए निकले ऊदल की मौत कैसे हुई? कया किसी साजिश के तहत हत्या करके डेड बाडी को नदी में फेंक दिया गया या फिर किंही अन्य कारणों से मृत्यु हुई है। इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
Advertisement