Advertisement

श्रावस्ती में शनिवार रात नेशनल हाईवे-730 पर हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना गिलौला थाना क्षेत्र के तिलकपुर गांव के पास रात करीब 10 बजे हुई, जब एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र के किडिहौना मजरा धोबियन पुरवा निवासी 22 वर्षीय मनीष पासवान पुत्र कूट बहादुर पासवान के रूप में हुई है। बाइक पर उसके साथ उसका रिश्तेदार सुनील पासवान पुत्र मौनीदास, निवासी बेलवा खतीव, थाना गिलौला बैठा था। दोनों इकौना के सीता द्वार में एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से गिलौला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मनीष पासवान को मृत घोषित कर दिया। सुनील पासवान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बहराइच के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मनीष पासवान की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गिलौला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना अध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।




































