Advertisement

श्रावस्ती जिले के नवीन मार्डन थाना क्षेत्र में नीलगायों के बढ़ते झुंड किसानों के लिए चिंता का विषय बन गए हैं। ये नीलगाय खेतों में घुसकर गेहूं, सरसों और अन्य रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रही हैं, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। स्थानीय किसानों ने बताया कि वे अपनी फसलों को बचाने के लिए दिन-रात खेतों की रखवाली कर रहे हैं। इसके बावजूद, नीलगाय मौका मिलते ही खेतों में प्रवेश कर फसलें चर जाती हैं। किसानों के अनुसार, रात के समय यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है, जब नीलगाय बड़े झुंडों में खेतों में घुसकर बड़ी मात्रा में फसलें नष्ट कर देती हैं। किसान मोहन लाल, अभिषेक मिश्रा और प्रमोद कुमार मिश्रा सहित अन्य किसानों ने बताया कि फसलों को बचाने के लिए तारबंदी, लगातार निगरानी और शोर मचाने जैसे पारंपरिक उपाय भी अब कारगर साबित नहीं हो रहे हैं। इस स्थिति के कारण किसानों को न केवल आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, बल्कि उन्हें लगातार तनाव का भी सामना करना पड़ रहा है।




































