
अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम ने थाना भिनगा का वार्षिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्हें सम्मान गार्द द्वारा सलामी दी गई। उन्होंने थाना कार्यालय में महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहन अवलोकन कर उनके रखरखाव की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान, अपर पुलिस अधीक्षक ने रजिस्टर नंबर-8, अपराध रजिस्टर, एक्टिव लिस्ट, बीट सूचना रजिस्टर, फ्लाई शीट रजिस्टर, बी.पी.ओ. रजिस्टर, शस्त्र सत्यापन रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, प्रार्थना पत्र और न्यायालय ऑर्डर बुक जैसे कई महत्वपूर्ण अभिलेखों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने त्योहार रजिस्टर की भी विशेष जांच की, जिसमें बीते त्योहारों की प्रविष्टियां सुव्यवस्थित और अद्यतन पाई गईं। उन्होंने अभिलेखों के समुचित रखरखाव और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। अभिलेखों के निरीक्षण के उपरांत, अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, सीसीटीएनएस कार्यालय, बंदीगृह, शस्त्रागार, मालखाना, आरक्षी बैरक और भोजनालय का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र पर नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों से उनके कार्यों की जानकारी ली, अभिलेखों की जांच की और व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। थाना परिसर की स्वच्छता और अनुशासनात्मक व्यवस्था उच्च स्तर की पाई गई। इस पर उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कार्यस्थल को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने की हिदायत दी। बीट में नियुक्त आरक्षी और महिला आरक्षियों से उनकी बीट के बारे में जानकारी ली गई और आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत थाना परिसर में खड़े लावारिस और मुकदमाती वाहनों के शीघ्र निस्तारण के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को प्रतिदिन जन सुनवाई करने और शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि थाना स्तर पर किए जाने वाले प्रत्येक कार्य की जानकारी आरक्षियों को दी जाए। शिकायत लेकर आने वाले नागरिकों की समस्याओं का त्वरित तथा संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना भिनगा श्री राजप्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


































