Advertisement

श्रावस्ती के इकौना स्थित एक गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं की भीड़ के बीच लाइन में खड़ी एक महिला अचानक बेहोश हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे संभालकर प्राथमिक इलाज दिया। जिसके बाद उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।अभिषेक गैस एजेंसी पर बुधवार को गैस सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान लाइन में खड़ी एक महिला अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। जिससे एजेंसी परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत महिला को संभाला और भीड़ से बाहर निकालकर उसे प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बेहोश होने वाली महिला खेर साहब बनकटी निवासी सबीना हैं। सबीना ने बताया कि वह सुबह करीब 5 बजे से ही एजेंसी पर लाइन में खड़ी थीं। लंबे समय तक धूप और भीड़ में खड़े रहने के कारण वह अचानक बेहोश हो गईं। सबीना का आरोप है कि वह पिछले चार दिनों से लगातार गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के चक्कर लगा रही थीं, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया था। बुधवार को भी भारी भीड़ के कारण उन्हें काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। आपूर्ति और बढ़ती कीमतों को लेकर उपभोक्ता परेशान स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति और बढ़ती कीमतों को लेकर उपभोक्ताओं में जल्द सिलेंडर लेने की होड़ मची हुई है। उनका आरोप है कि एजेंसी परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण अक्सर ऐसी स्थिति बन जाती है। घटना के बाद एजेंसी कर्मचारियों ने लोगों को व्यवस्थित तरीके से लाइन में लगाकर गैस सिलेंडर का वितरण शुरू कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। इस संबंध में अश्विनी कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि ओटीपी के माध्यम से निर्धारित समय में सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।






























