रामपुर पैडा में सड़क पर बह रहा गंदा पानी:नाली न होने से ग्रामीण परेशान, संक्रमित बीमारियों का बढ़ा खतरा

0
2

श्रावस्ती जनपद के गिलौला विकास खंड अंतर्गत रामपुर पैडा गांव में नाली और सफाई व्यवस्था की कमी से ग्रामीण गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। गांव से बाहर निकलने वाले मुख्य मार्ग पर नाली न होने के कारण गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। सड़क पर लगातार गंदा पानी जमा रहने से कीचड़ और फिसलन बनी रहती है। ग्रामीण रमेश, वीरेंद्र, पप्पू गौतम और विनय गुप्ता ने बताया कि इस रास्ते से गुजरते समय कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं। इससे न केवल उनके कपड़े गंदे होते हैं, बल्कि चोट लगने का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि गंदगी और बदबू के कारण गांव में बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। जलजमाव के चलते मच्छरों की संख्या में भी वृद्धि हुई है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों का डर लोगों को सता रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गांव में नाली का निर्माण कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदार विभाग ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो आसपास के लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। ग्रामीणों ने अधिकारियों से इस समस्या के तत्काल समाधान के लिए हस्तक्षेप करने की अपील की है, ताकि उन्हें इस परेशानी से मुक्ति मिल सके।
Advertisement