Advertisement

श्रावस्ती के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक वृद्ध सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में भर्ती कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बाजाजोत निवासी संतोष (20) और महेश वर्मा (17) पुत्र श्याम किशोर वर्मा बाइक से विशेश्वरगंज क्षेत्र के घनघटा गांव से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वीरपुर-कटरा मार्ग पर आईटीआई विद्यालय के पास वीरपुर गांव निवासी ननके (50) पुत्र दुखी सड़क पार कर रहे थे। बताया जाता है कि अचानक सामने आ जाने से बाइक सवार दोनों युवकों की वृद्ध ननके से टक्कर हो गई। इस हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को सीएचसी इकौना लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बाइक सवार युवकों को परिजनों के साथ घर भेज दिया। वहीं, घायल वृद्ध ननके की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया गया है।




































