गैस सिलेंडर कीमत बढ़ने व कमी की अफवाह:एजेंसियों पर भीड़, घंटों लाइन में लगने को मजबूर उपभोक्ता; कल महिला हुई थी बेहोश

3
Advertisement

श्रावस्ती में गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और कमी की अफवाहों के कारण गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे कई लोगों को सिलेंडर के लिए एक से दो दिन तक चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। महिला उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़े रहने से विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को इकौना स्थित अभिषेक गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान धक्का-मुक्की में लाइन में लगी एक महिला घायल हो गई, जबकि दूसरी महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। बृहस्पतिवार को गैस के लिए लाइन में लगे फतुहापुर निवासी नान बाबू ने बताया कि वह करीब दो घंटे से कतार में खड़े हैं, लेकिन उन्हें अभी तक गैस नहीं मिल पाई है। उन्हें यह भी नहीं पता कि गैस मिलने में और कितना समय लगेगा। नेवरिया से गैस लेने पहुंचे सानू ने आरोप लगाया कि उन्होंने ऑनलाइन गैस बुकिंग कर भुगतान भी कर दिया था और उनके मोबाइल पर ओटीपी भी आया था। उनके अनुसार, एजेंसी पर उनके मोबाइल से मैसेज हटा दिए गए और उन्हें दो दिनों से गैस के लिए दौड़ाया जा रहा है। उन्होंने रोजा होने के कारण बार-बार चक्कर लगाने को काफी परेशानी भरा बताया। प्रशासन ने इस संबंध में कहा है कि ऑयल कंपनियों द्वारा जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, किसी भी तरह की घबराहट या पैनिक की स्थिति नहीं है। उज्ज्वला कनेक्शन धारकों को 25 दिन और सामान्य कनेक्शन धारकों को 30 दिन के भीतर ओटीपी प्रक्रिया के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
Advertisement