अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल:मल्हीपुर में दुर्घटना, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर

1
Advertisement

श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान बहराइच जिले के मोतीपुर थाना अंतर्गत चंदनपुर बडैईया निवासी श्रीनिवास (26 वर्ष) पुत्र दूजी और रिसिया थाना क्षेत्र के जमारिसिया निवासी मायाराम (40 वर्ष) पुत्र शंकर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों किसी काम से मल्हीपुर क्षेत्र आए थे और काम खत्म कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। जमुनहा-बहराइच मार्ग पर उल्टाहवा के पास बहराइच की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक चालक सहित दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस (संख्या यूपी 32 ईजी 8816) के ईएमटी रमेश चंद्र शुक्ला और पायलट सुजीत तिवारी ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
Advertisement