
श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 730 पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भगवानपुर बनकट सरयू नहर के पास एक ट्रक और टैंकर की आमने-सामने की टक्कर में टैंकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बलरामपुर से बहराइच की ओर जा रहा एक टैंकर और बहराइच से बलरामपुर की तरफ आ रहा एक ट्रक भगवानपुर बनकट सरयू नहर के पास आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंकर का चालक वाहन के भीतर ही फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने जेसीबी की मदद से टैंकर में फंसे चालक को बाहर निकाला। उसे तुरंत एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही इकौना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस मृतक चालक की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।




































