
श्रावस्ती में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने और आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों के कारण गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ गई है। कई स्थानों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। प्रशासन ने इन अफवाहों को खारिज करते हुए लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) दीपक कुमार वार्ष्णेय ने जनपद के सभी घरेलू गैस कनेक्शन धारकों को अवगत कराते हुए बताया कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी केवल ऑनलाइन बुकिंग के बाद ही की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी उपभोक्ता को सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही दोबारा बुकिंग कराने की सुविधा मिलेगी। डीएसओ ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग करने में परेशानी हो रही है, वे अपने गैस कनेक्शन की केवाईसी प्रक्रिया पूरी करा लें और अपने कनेक्शन में सही मोबाइल नंबर दर्ज कराएं। इससे उपभोक्ता आसानी से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे और ओटीपी के माध्यम से गैस एजेंसी द्वारा उनके घर तक रिफिल सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर रिफिल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए विभाग की ओर से लगातार निगरानी भी की जा रही है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी फर्म या व्यक्ति द्वारा गैस सिलेंडर की अवैध जमाखोरी, अवैध रिफिलिंग या निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने और शासन-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके।


































