
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था) पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना और गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में क्षेत्र की सभी एएनएम (सहायक नर्स मिडवाइफ) ने भाग लिया। उन्हें गर्भावस्था के दौरान होने वाले संभावित जोखिमों की पहचान करने और उनके प्रभावी प्रबंधन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण आईआईएचएमआर दिल्ली से आए प्रशिक्षकों डॉ. पुनीत सिंह पाल, भारती नाम्या और पाखुरी बंसल द्वारा प्रदान किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर के चिकित्सा अधिकारियों ने भी इस दौरान आवश्यक सहयोग और जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने एएनएम को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की समय पर पहचान करने, उचित देखभाल प्रदान करने, आवश्यक जांच कराने और जरूरत पड़ने पर समय रहते उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने के तरीकों पर विस्तार से मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षण के समापन पर, सभी एएनएम ने इसे अत्यंत उपयोगी बताया और अपने-अपने क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का संकल्प लिया।
































