गुलरा फटवा में भीषण सड़क दुर्घटना:एक की मौत, चार घायल; एसएसबी ने पहुंचाया अस्पताल

2

श्रावस्ती जिले के चिल्हारिया-भिनगा मार्ग पर गुलरा फटवा गांव के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के समय मौके से गुजर रही सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, एसएसबी के उप कमांडेंट गोबर्धन पुजारी अपने एस्कॉर्ट आरक्षी देवेंद्र सिंह बसेडा और चालक आरक्षी गजेन्द्र सिंह के साथ सीमा चौकी रानियापुर से वाहिनी मुख्यालय भिनगा जा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक डम्पर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एसएसबी टीम ने दुर्घटना देखते ही तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भिनगा ले जाया गया, जहां उनके उपचार की व्यवस्था की गई। घटना की सूचना मिलते ही 62वीं वाहिनी के कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण के निर्देश पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) भी अस्पताल पहुंचा और घायलों की सहायता में जुट गया। घायलों में ग्राम सिरसिया निवासी मनीष कुमार सोनी (33), सूर्यभान सोनी (32), ओजेश (18) और अतुल सोनी (17) शामिल हैं। दुर्भाग्यवश, संतोष कुमार सोनी (31) की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। एसएसबी अधिकारियों और जवानों द्वारा समय पर दी गई इस सहायता की स्थानीय लोगों ने सराहना की। बल के अधिकारियों ने बताया कि सशस्त्र सीमा बल सीमा सुरक्षा के साथ-साथ आम नागरिकों की मदद के लिए भी सदैव तत्पर रहता है।
Advertisement