अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवार घायल:मल्हीपुर में हादसा, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर

2

श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जमुनहा-बहराइच मार्ग पर उल्टाहवा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायलों की पहचान बहराइच जिले के मोती थाना क्षेत्र के चंदनपुर बडैईया निवासी श्रीनिवास (26 वर्ष) पुत्र दूजी और रिसिया थाना क्षेत्र के जमारिसिया निवासी मायाराम (40 वर्ष) पुत्र शंकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मल्हीपुर क्षेत्र में किसी काम से आए थे और वापस अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस संख्या UP32 EG 8816 के ईएमटी रमेश चंद्र शुक्ला और पायलट सुजीत तिवारी ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Advertisement