श्रावस्ती में कछुआ तस्कर गिरफ्तार:वन विभाग-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में दो फ्लैपशैल कछुए बरामद

0

श्रावस्ती जिले में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ वन विभाग और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को ककरदरी के जंगल से दो फ्लैपशैल कछुओं के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की। बताया गया कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से कछुओं को राप्ती बैराज की ओर ले जा रहा था। सूचना मिलते ही समवाय प्रभारी अमित शर्मा, सहायक कमांडेंट और तीन एसएसबी जवान, साथ ही वन उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने ककरदरी क्षेत्र में संयुक्त गश्त शुरू की। गश्त के दौरान, सीमा स्तंभ संख्या 640/9 से लगभग एक किलोमीटर दूर कछुए की तस्करी कर रहे व्यक्ति को दबोच लिया गया। उसके पास से एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और दो फ्लैपशैल कछुए बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने बताया कि वह इन कछुओं को ककरदरी रेंज के जंगलों से पकड़कर लखीमपुर खीरी निवासी विक्रम तिवारी को देने जा रहा था। उसने यह भी बताया कि कछुओं की कीमत 40,000 रुपये तय की गई थी और उन्हें मल्हीपुर थाना क्षेत्र के राप्ती बैराज पर पहुंचाना था। वन विभाग के अनुसार, फ्लैपशैल कछुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत अनुसूची 1 की संरक्षित प्रजाति है। इसकी तस्करी या शिकार करना एक कानूनी अपराध है। पकड़े गए कछुओं और मोटरसाइकिल को आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए वन विभाग की साउथ फॉरेस्ट चौकी ककरदरी को सौंप दिया गया है।
Advertisement