नासिरगंज चौराहे पर हाईमास्ट लाइट छह माह से बंद:विधान मंडल निधि से लगी लाइटें खराब, राहगीरों को परेशानी

1

श्रावस्ती के जमुनहा-नासिरगंज चौराहे पर विधान मंडल क्षेत्र विकास निधि योजना के तहत वर्ष 2023-24 में स्थापित हाईमास्ट लाइट पिछले छह महीने से बंद पड़ी है। इस लाइट का उद्घाटन श्रावस्ती विधायक राम फेरन पाण्डेय ने किया था। यह हाईमास्ट ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता बृजेश कुमार श्रीवास्तव और जमुनहा के खंड विकास अधिकारी एस.पी. सिंह की देखरेख में लगाई गई थी। स्थानीय निवासियों के अनुसार, लाइटें खराब होने के बाद खंभे से उतार ली गई थीं, लेकिन मरम्मत के बाद उन्हें दोबारा स्थापित नहीं किया गया। वर्तमान में चौराहे पर केवल लाइट का खंभा खड़ा है। रात के समय चौराहे पर अंधेरा रहने से राहगीरों, वाहन चालकों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। नाजिम हैदर, हलीम, मोबीन और बशारत जैसे स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में रोशनी और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
Advertisement