पशु चिकित्सा टीम ने बीमार मुर्गे की जान बचाई:कलंदरीपुरवा में पेश की मानवता की मिसाल

0
1

श्रावस्ती जिले में पशुपालन विभाग की 1962 पशु एम्बुलेंस सेवा ने एक गंभीर रूप से बीमार मुर्गे की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की है। जमुनहा क्षेत्र के कलंदरीपुरवा गांव में समय पर मिले उपचार से मुर्गा अब पूरी तरह स्वस्थ है। यह घटना 14 मार्च को सुबह लगभग 11 बजे हुई, जब पशुपालन विभाग द्वारा कलंदरीपुरवा गांव में एक पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर के दौरान ही टीम को एक गंभीर बीमार मुर्गे के बारे में सूचना मिली। सूचना मिलते ही 1962 पशु एम्बुलेंस सेवा के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार और उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने मुर्गे का त्वरित उपचार किया, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी। मुर्गे के मालिक यूसुफ अली ने बताया कि उन्हें अपने मुर्गे के बचने की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने डॉक्टरों के अथक प्रयासों और समय पर उपचार के लिए पशुपालन विभाग और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि जनपद श्रावस्ती में पशुपालन विभाग द्वारा 1962 पशु एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से बेजुबान, पालतू, लावारिस और असहाय पशुओं को लगातार चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है। आपात स्थिति में पशुपालक 1962 नंबर पर कॉल करके एम्बुलेंस की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। इन एम्बुलेंस में पशु चिकित्सक, पैरावेट और ड्राइवर आवश्यक दवाइयों तथा चिकित्सा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचकर पशुओं का उपचार करते हैं। वर्तमान में जिले में कुल तीन ऐसी एम्बुलेंस संचालित की जा रही हैं।
विज्ञापन 2