श्रावस्ती में युवक का शव फंदे से लटका मिला:रिक्शा चलाकर शादी के लिए जोड़ रहा था रुपए, मई में जानी थी बारात

2

श्रावस्ती जिले के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया भटपुरा कला गांव में शनिवार को एक 22 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय सुमित चौरसिया पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। सुमित एक स्कूल में रिक्शा चलाकर अपना जीवन यापन करता था। वह अपनी आगामी शादी के लिए पैसे भी जमा कर रहा था, जो 7 मई को तय थी। परिजनों ने बताया कि सुमित की मां का निधन काफी समय पहले हो चुका था और वह अपनी मां का इकलौता बेटा था। उसके पिता मुंबई में मजदूरी करते हैं और उन्होंने दूसरी शादी कर ली है, जिससे उनके दो बेटे भी हैं। सुमित गांव में अपने दादा-दादी के साथ रहता था। परिवार के सदस्यों के अनुसार, शुक्रवार रात सुमित रिक्शा चलाकर घर लौटा था। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। शनिवार सुबह जब वह देर तक कमरे से बाहर नहीं आया, तो परिजनों को संदेह हुआ। कमरे में जाकर देखने पर सुमित का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी सुबह करीब 7 बजे सुमित के मामा को दी गई। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने पाया कि सुमित का शव चारपाई पर रखा था। मामा ने बताया कि उन्होंने परिजनों को शव को फंदे से न उतारने की सलाह दी थी। उन्होंने अपने भांजे की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, सुमित सीधा और शांत स्वभाव का युवक था। ऐसे में उसके द्वारा यह कदम उठाए जाने का कारण किसी को समझ नहीं आ रहा है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट में मौत के कारण का पता चल सकेगा पुलिस का कहना है कि मामले में जांच समेत आगे की कार्रवाई जारी है।
Advertisement