भारत-नेपाल सीमा पर कछुआ तस्कर गिरफ्तार:एसएसबी-वन विभाग ने 2 संरक्षित कछुए भी बरामद किए, 40 हजार में बेचने का था प्लान

0
1

श्रावस्ती: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक कछुआ तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस दौरान उसके पास से वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित प्रजाति के दो फ्लैपशैल कछुए बरामद किए गए। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ककरदरी जंगल से संरक्षित प्रजाति के कछुए पकड़कर मोटरसाइकिल से राप्ती बैराज की ओर ले जा रहा था। इस सूचना पर एसएसबी की ‘बी’ समवाय ककरदरी चौकी प्रभारी अमित शर्मा, सहायक कमांडेंट, और वन विभाग के वन उप-निरीक्षक अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई। संयुक्त टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 640/9 से लगभग एक किलोमीटर भारत की ओर, ककरदरी गांव के पास आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से दो फ्लैपशैल कछुए और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP-46-H-8818) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ये कछुए ककरदरी रेंज के जंगलों से पकड़े थे। वह इन्हें लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) निवासी विक्रम तिवारी को राप्ती बैराज पर देने जा रहा था, जिसके बदले उसे ₹40,000 मिलने थे। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, फ्लैपशैल कछुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची 1 में सूचीबद्ध एक संरक्षित प्रजाति है। इसकी तस्करी या शिकार करना कानूनन गंभीर अपराध है। गिरफ्तार आरोपी, बरामद कछुए और मोटरसाइकिल को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए वन विभाग की साउथ फॉरेस्ट चौकी ककरदरी को सौंप दिया गया है। एसएसबी और वन विभाग ने इस सफलता को वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे वन्यजीवों की तस्करी और शिकार जैसी अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।
Advertisement