श्रावस्ती में सड़क हादसा, पर्यटक दंपति समेत 8 घायल:पांच गंभीर घायलों को बहराइच और भिनगा रेफर

0
11

श्रावस्ती में हुए एक सड़क हादसे में पर्यटक दंपति सहित आठ लोग घायल हो गए। यह घटना इकौना क्षेत्र में हुई, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप ने पर्यटकों की कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पांच गंभीर घायलों को बहराइच और भिनगा के अस्पतालों में रेफर किया गया है। गाजियाबाद के लोनी निवासी विनयशील चतुर्वेदी (64) और उनकी पत्नी कुमुदलता चौबे (62) बहराइच में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शनिवार शाम को वे अपनी पत्नी, मित्र मनोज श्रीवास्तव के बच्चों कान्हा (13) और चित्रांशी (10) के साथ श्रावस्ती से दर्शन कर बहराइच लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। कटरा-खरगौरा बस्ती पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से आ रही एक खाली पिकअप ने उनकी टाटा टियागो कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों वाहनों में सवार सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को शनिवार शाम सीएचसी इकौना पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने विनयशील चतुर्वेदी, उनकी पत्नी कुमुदलता चौबे और कान्हा श्रीवास्तव को सीने में गंभीर चोटों के चलते ट्रामा सेंटर बहराइच रेफर कर दिया। पिकअप चालक आशीष पांडे (24), इंद्रसेन (40), आदर्श कुमार (30) और पप्पू तिवारी (36) को भी चोटें आईं। इनमें से आशीष पांडे और इंद्रसेन को जिला अस्पताल भिनगा रेफर किया गया। आदर्श कुमार और पप्पू तिवारी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। चिकित्सक राहुल यादव ने बताया कि तीन घायलों को बहराइच और दो को जिला अस्पताल भिनगा रेफर किया गया है। घायल विनयशील चतुर्वेदी ने बताया कि वे श्रावस्ती के दर्शन कर लखनऊ लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पिकअप चालक आशीष पांडे के अनुसार, वह गोंडा से कोटा पत्थर उतारकर खाली वाहन से वापस गोंडा जा रहा था, तभी सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई।
विज्ञापन 2