
श्रावस्ती जनपद के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र में बीती रात से हल्की बारिश हो रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और इस अचानक बदले मौसम से गेहूं तथा सरसों की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। ग्राम नासिरगंज के किसान रामलाल यादव, शब्बीर अली, मुन्ना लाल और रिजवान अहमद ने बताया कि गेहूं की फसल पकने की स्थिति में है, जबकि सरसों की कटाई शुरू होने वाली थी। बारिश के कारण फसल के गिरने और दानों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश जारी रहती है, तो उनकी मेहनत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। मार्च महीने में होने वाली बारिश से गेहूं, सरसों, चना, मसूर, मटर और सब्जियों जैसी फसलों को सर्वाधिक नुकसान होता है। इस अवधि में ये फसलें या तो पकने की अवस्था में होती हैं या उनकी कटाई का समय होता है। अधिक नमी के कारण दानों का रंग काला पड़ जाता है और कुल उत्पादन में कमी आ सकती है।
Advertisement


































