
श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र में राप्ती नदी पुल के पास रविवार शाम एक महिला बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, अंधर पुरवा निवासी 65 वर्षीय अर्चना पत्नी कप्तान अपने मायके सेमगढ़ा से लौट रही थीं। वह रविवार शाम अपने भतीजे अनिल के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर अंधर पुरवा जा रही थीं। राप्ती नदी पुल के पास पहुंचते ही किसी कारणवश बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इससे अर्चना बाइक से नीचे गिर गईं और उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने अर्चना को तुरंत एक निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया। इस संबंध में चिकित्सक डॉ. अनिल सिंह ने बताया कि सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें रेफर किया गया है।





























