
श्रावस्ती जनपद के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र के नासिरगंज कस्बे में स्थित हुसैनिया मस्जिद में पवित्र रमजान माह के अवसर पर सामूहिक इफ़्तार का आयोजन किया गया। इस दौरान शिया समुदाय के बड़ी संख्या में रोज़ेदार उपस्थित रहे, जिनमें बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल थे। इफ़्तार से पूर्व मस्जिद में इबादत और दुआ का माहौल रहा। रोज़ेदारों ने देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। अज़ान के बाद, सभी रोज़ेदारों ने खजूर और पानी से अपना रोज़ा खोला, जिसके उपरांत सामूहिक रूप से इफ़्तार किया गया। मस्जिद कमेटी के सदस्यों ने बताया कि रमज़ान का महीना आपसी प्रेम, धैर्य और इंसानियत का संदेश देता है। इसी भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस इफ़्तार का आयोजन किया जाता है, ताकि समाज में आपसी भाईचारा बना रहे। इफ़्तार के पश्चात नमाज़ अदा की गई और क्षेत्र में शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए दुआ मांगी गई। इस कार्यक्रम में कस्बे के कई सम्मानित व्यक्ति भी उपस्थित रहे।





























