
श्रावस्ती के बौद्ध तीर्थ क्षेत्र जेतवन महाविहार में मधुमक्खियों के हमले से आठ श्रीलंकाई तीर्थयात्री घायल हो गए। ये सभी तीर्थयात्री जेतवन महाविहार में पूजा-अर्चना कर रहे थे, तभी उन पर मधुमक्खियों के एक दल ने हमला कर दिया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह घटना सोमवार को हुई, जब श्रीलंका से आए 40 तीर्थयात्रियों का एक दल जेतवन महाविहार में गंधकुटी पर पूजा कर रहा था। मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले से महाविहार में भगदड़ मच गई। हमले से घबराकर वहां मौजूद सैकड़ों तीर्थयात्री अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। टीम लीडर मनोज भंडारे ने बताया कि हमले में सुशांत, रोहित, नंदा शिवमती, चंद्रसेन, निर्वासा, स्वर्ण माली, हेमलता और टिटास सहित आठ तीर्थयात्री घायल हुए हैं। ये सभी कोलंबो निवासी हैं। भंडारे ने तत्काल सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। मनोज भंडारे ने बताया कि उनका दल 4 मार्च को कोलंबो से दिल्ली आया था। इसके बाद वे आगरा, भोपाल, बोधगया, वाराणसी, कपिलवस्तु और लुंबिनी होते हुए रविवार को बलरामपुर पहुंचे थे। बलरामपुर के पथिक होटल में रात्रि विश्राम के बाद सोमवार को वे श्रावस्ती पहुंचे थे, जहां पूजा-अर्चना के दौरान यह घटना हुई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. गिरिवर वर्मा ने जानकारी दी कि घायलों की स्थिति अब सामान्य है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।





































